कनबई में महिलाओं और पुरुषों ने किया अनन्त व्रत पूजन, भगवान विष्णु का हुआ विशेष श्रृंगार
खैरवाड़ा के समीप कनबई के दशा माता मंदिर में अनन्त चतुर्दशी व्रत पूजन हुआ। महिलाओं और पुरुषों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं विष्णु का पूजन कर अनन्त डोरा बांधा। महाआरती और महाप्रसाद के बाद रात्रि में भजन संध्या होगी।
तस्वीर में कनबई के दशा माता मंदिर प्रांगण में अनंत चतुर्दशी व्रत पूजन के दौरान बैठी महिलाएं और श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
खैरवाड़ा के समीपस्थ कनबई स्थित दशा माता मंदिर प्रांगण में महिला मंडल कनबई की ओर से माया पण्ड्या के नेतृत्व में अनन्त चतुर्दशी व्रत पूजन किया गया। कनबई की कई महिलाओं एवं पुरुषों ने सर्व सुख, आरोग्यता, समृद्धि, वंश, धनधान्य, संतान वैभव एवं विजय श्री की प्राप्ति के लिए भगवान श्रीकृष्ण का अनन्त व्रत पूजन किया।
इस अवसर पर कुशा का शेषनाग एवं विष्णु की प्रतिमा बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन किया गया। भगवान अनन्त को खीर, मालपुआ एवं पूरी का भोग चढ़ाया गया। पुरुषों एवं महिलाओं ने भगवान अनन्त देव का चौदह ग्रंथि युक्त डोरा क्रमशः बाएं एवं दाएं हाथ में बांधा।
भगवान विष्णु का फलों से विशेष श्रृंगार किया गया। कथा का वाचन उत्तम डी. पण्ड्या ने किया। इसके बाद महाआरती के साथ महाप्रसाद का वितरण हुआ।
आज रात्रि में जागरण के दौरान एक रात्रि भजन संध्या और श्रीकृष्ण के नाम का आयोजन होगा।