तस्वीर में इंटाली गांव की एक गली में भगवान गणेश की सजी हुई प्रतिमा के साथ शोभायात्रा में शामिल ग्रामीण और श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

फतहनगर। मावली तहसील के इंटाली गांव में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर चौक में स्थापित गणपति प्रतिमा का अनंत चतुर्दशी पर विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस अवसर पर गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक प्रतिदिन रात्रि भगवान गणपति की संध्याकालीन आरती की गई। इसके बाद छोटे-छोटे बालक-बालिकाओं ने गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उत्सवमय बना रहा।

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर चौक में यज्ञ, हवन एवं पूजन किया गया। मंत्रोच्चार के साथ गणपति प्रतिमा की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा रवाना हुई। डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा का जगह-जगह ग्रामीणों ने स्वागत किया। इसमें महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए।

शोभायात्रा मंदिर चौक से रवाना होकर पीपलेश्वर महादेव मंदिर, पीपाड़ा चौराहा, मेनारिया मोहल्ला, महात्मा गांधी विद्यालय रोड, चारभुजा मंदिर, पानी की कुई, कुम्हारिया बावजी, सदर बाजार एवं बस स्टैंड होते हुए तालाब पहुंची। यहां विधि-विधान से गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति के जयकारे लगाए और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

Tags: