तस्वीर में फतह एकेडमी फतहनगर की अंडर-14 वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ी, कोच और निदेशक स्कूल परिसर में जीती हुई ट्रॉफियों के साथ नजर आ रहे हैं.   

फतहनगर। स्थानीय फतह एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर की अंडर-14 बालक वॉलीबॉल टीम ने राणा प्रताप उच्च माध्यमिक विद्यालय, भिंडर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में फतह एकेडमी की टीम का सामना उदय शिक्षा मंदिर, खेरोदा की टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में फतह एकेडमी की टीम को हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के दौरान टीम के सभी खिलाड़ियों ने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पूरी मेहनत और जुझारूपन के साथ मुकाबले खेले।

विद्यालय के निदेशक डॉ. अजय जैन ने बताया कि फतह एकेडमी की अंडर-14 टीम गत वर्ष जिला स्तर पर विजेता रही थी। इस वर्ष भी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और विद्यालय का नाम रोशन किया।

डॉ. अजय जैन ने टीम की सफलता का श्रेय कोच गौरी शंकर कुमावत की कड़ी मेहनत, नियमित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर न केवल विद्यालय, बल्कि फतहनगर नगर का नाम भी जिला स्तर पर गौरवान्वित किया है।

फतह एकेडमी की अंडर-14 टीम के जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उपविजेता बनने से विद्यालय परिवार एवं खेलप्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

Tags: