तस्वीर में झाड़ोल में रामदेव बाबा की शोभायात्रा के दौरान सड़कों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है।

झाड़ोल में भाद्रपद शुक्ल द्वितीया यानी भादवी बीज के अवसर पर रविवार को बाबा रामदेव जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाबा रामदेव जी के पावन अवतरण दिवस (जन्मोत्सव) पर आयोजित इस शोभायात्रा में क्षेत्रभर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बाबा रामदेव मंदिर समिति की ओर से आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र बाबा रामदेव जी के जयकारों से गूंज उठा।

शोभायात्रा शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वजाएं लेकर बाबा रामदेव जी के जयकारे लगाए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा, महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। यात्रा में शामिल सजे-धजे अश्व भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा देवभूमि रामिया पुलिया के पास से होते हुए वेलनिया स्थित नेशनल हाईवे-58ई, पुराने पेट्रोल पंप तथा पंवार पेट्रोल पंप नेशनल हाईवे-58ई सहित प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया और अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

शोभायात्रा का समापन राम रसोड़े पर हुआ। यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में राज राणा गुणवंत सिंह झाला, नीलम राज पुरोहित, संजय मेहता, परस राम मेघवाल, भंवर मेघवाल, करण पोखरना, राजू निमावत, देवीलाल गायरी, गणेश पटेल और अरविंद जैन सहित सम्मानित अतिथियों का मंदिर समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया। जरगा जूना स्थान अध्यक्ष किशन बांसलिया के शुभ आगमन पर भी उनका आदर-सत्कार किया गया।

धार्मिक अनुष्ठानों के पूरा होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण के साथ बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव पर आयोजित यह विशाल आयोजन श्रद्धा, एकजुटता और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

Tags: