नगरीय निकाय चुनाव-2026 में राजसमंद जिले के पांचों निकायों के नतीजे घोषित, 21 सितंबर को अध्यक्ष का चुनाव
राजसमंद जिले के पांचों नगरीय निकायों के अंतिम परिणाम घोषित हो गए। अब 21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
राजसमंद जिले में नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत सोमवार, 14 सितंबर को पांचों नगरीय निकायों राजसमंद, नाथद्वारा, आमेट, देवगढ़ एवं भीम की मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। सभी निकायों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अब निर्वाचित सदस्य 21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में सभी रिटर्निंग अधिकारियों (एसडीएम) की टीम ने निर्धारित मतगणना केंद्रों पर प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया सम्पन्न कराई। मतगणना पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित की गई। वहीं, एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में सभी मतगणना केंद्रों के आसपास और शहरों में पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
राजसमंद रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती ओम प्रभा के निर्देशन में राजसमंद नगर परिषद ने जिले के नगरीय निकायों में सर्वाधिक 45 वार्ड होने के बावजूद सबसे पहले अंतिम परिणाम घोषित करने में बाजी मारी। उन्होंने त्वरित एवं सुव्यवस्थित मतगणना के लिए प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
राजसमंद नगर परिषद की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजसमंद में हुई। कुल 45 वार्डों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 27 वार्डों में विजय प्राप्त की, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 14 वार्डों में विजयी रहे। चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
नाथद्वारा नगर पालिका की मतगणना सेठ मथुरादास बिनानी महाविद्यालय में हुई। नगर पालिका के कुल 40 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 20 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 19 वार्डों में विजयी रहे, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
आमेट नगर पालिका की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमेट में हुई। कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में विजय प्राप्त की, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 11 वार्डों में विजयी रहे। यहां निर्दलीय प्रत्याशी किसी वार्ड में विजयी नहीं रहा।
देवगढ़ नगर पालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवगढ़ में हुई। कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 16 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 07 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 02 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
भीम नगर पालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीम में हुई। कुल 20 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 02 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 04 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत निर्वाचित नगर निकाय सदस्यों के बाद अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित की जाएगी। अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी करने की तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि एवं समय 18 सितंबर को अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने के समय की समाप्ति के तुरंत पश्चात चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी तथा निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को प्रक्रिया संपादित की जाएगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया हेतु बैठक का प्रारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा। नामांकन पत्र प्रातः 11:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11:30 बजे से की जाएगी।
अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2:30 बजे से 5:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। इस तरह पांचों नगरीय निकायों के वार्ड परिणाम घोषित होने के बाद अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर गई है।