कानोड़ में मेघ गर्जन के साथ बरसी राहत, फसलों को मिला जीवनदान, बाजारों में फैली गंदगी
कानोड़ में शनिवार को मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। गर्मी से राहत के साथ फसलों को जीवनदान मिला, बाजारों में गंदगी फैली।
तस्वीर में कानोड़ नगर क्षेत्र में बरसात के दौरान गली में खड़े एक बच्चे और भीगे हुए माहौल का दृश्य नजर आ रहा है।
शनिवार को कानोड़ नगर क्षेत्र में दोपहर और सायंकाल मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात हुई। बरसात से लोगों ने गर्मी से हल्की राहत महसूस की, वहीं पानी को तरस रही फसलों को भी जीवनदान मिला।
नगर क्षेत्र में सुबह से ही काले घने बादलों से आकाश घिरा रहा, जिससे दिन में अंधेरा छाया रहा। अंधेरा बढ़ने पर पालिका प्रशासन ने रोड लाइटें जलाकर रोशनी की व्यवस्था की। हालांकि, बरसात के दौरान नालों से बहकर बाजारों में पहुंची गंदगी ने पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।
इधर, विभिन्न समाजों की ओर से अच्छी बरसात की कामना करते हुए लोगों ने लोक देवता के दर पर अरदास की। गांधी चौक स्थित श्री ऋषभदेव जैन मंदिर में स्नात्र पूजा के दौरान प्रभु से नगर और आसपास के क्षेत्र में अच्छी बरसात की प्रार्थना की गई।
वहीं, नगर के आराध्य देव श्री गोपाल राय जी मंदिर रावला घाटी में भी धर्मप्रेमी भाई-बहनों की ओर से प्रभु से निरंतर अच्छी बरसात की प्रार्थना की जा रही है। बरसात से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं फसलों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई।