फतहनगर की महेश कॉलोनी में धूमधाम से हुआ तुलसी विवाह, माणकचंद मेनारिया ने सुनाई भक्तमाल कथा
| फतहनगर की महेश कॉलोनी में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित तुलसी विवाह एवं नानीबाई का मायरा महोत्सव में माणकचंद मेनारिया भक्तमाल कथा सुना रहे हैं। शालिग्राम-तुलसी विवाह और नरसीजी की भक्ति के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
पूजा की थाली पकड़े श्रद्धालु फतेहनगर के आयोजन में तुलसी विवाह रस्म के दौरान मौजूद हैं।
फतहनगर। नगर की महेश कॉलोनी में तुलसी विवाह महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों और संगीतमय कथा से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्री प्रह्लादराय मंडोवरा के निवास स्थान पर मेवाड़ के कथा प्रवक्ता श्री माणकचंद मेनारिया के सानिध्य में 20 से 23 नवंबर तक नानीबाई का मायरा कथा एवं तुलसी विवाह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव के प्रथम दिन श्री गणेश मंदिर से श्री शालिग्रामजी ठाकुरजी की बारात और पोथी व्यास यात्रा निकाली गई। यात्रा आयोजन स्थल पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्री शालिग्रामजी एवं तुलसीजी का विवाह संपन्न कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया।
कथा के पहले दिन व्यासजी माणकचंद मेनारिया ने भक्तमाल कथा के माध्यम से विभिन्न भक्तों की अनन्य भक्ति के प्रसंग सुनाए। उन्होंने मीराबाई की कृष्ण भक्ति और उनके सदेह कृष्ण विग्रह में समाहित होने के प्रसंग का वर्णन किया। इस प्रसंग को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
दूसरे दिन संगीतमय प्रवचन के माध्यम से व्यासजी ने भक्ति और आराधना का महत्व बताते हुए भक्त नरसीजी की भक्ति के विभिन्न प्रसंग सुनाए। उन्होंने बताया कि संतों के सानिध्य से प्रभावित होकर नरसीजी ने अपनी समस्त धन-संपदा और व्यापार का त्याग कर दिया था। इसके बाद उन्होंने कुटिया में रहकर भजन-कीर्तन को अपने जीवन का आधार बना लिया। प्रभु की कृपा से उन्हें राग केदार प्राप्त हुआ। भगवान ने उन्हें आश्वस्त किया था कि उनके राग केदार का गायन होने पर वे स्वयं प्रकट होंगे।
व्यासजी ने नरसीजी द्वारा लिखी गई हुंडी को द्वारका में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा स्वयं सांवरिया सेठ का रूप धारण कर स्वीकार करने का प्रसंग भी सुनाया। इसके साथ ही नरसीजी के घर संतों को भगवान द्वारा स्वयं भोजन करवाने सहित अन्य भक्तिमय प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया। संगीतमय कथा के दौरान पूरा पंडाल भक्ति रस में सराबोर रहा।
आयोजन के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा समाप्ति पर सामूहिक आरती की जाती है और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। 20 से 23 नवंबर तक चल रहे इस महोत्सव में तुलसी विवाह और नानीबाई का मायरा कथा के माध्यम से धार्मिक आयोजन जारी हैं।