सेवा संकल्प महा अभियान: अमित कलाल को भाजपा देहात जिले की टीम में मिली जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सेवा संकल्प महा अभियान के लिए देहात जिले की टीम घोषित की। अमित कलाल को सदस्य बनाया गया है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता पर केंद्रित रहेगा।
तस्वीर में भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली की अनुशंसा पर आगामी 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश में चलने वाले सेवा संकल्प महा अभियान के लिए देहात जिले की टीम की घोषणा की है। इसमें देहात जिला मंत्री अमित कलाल को सदस्य मनोनीत किया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि अभियान के लिए गठित टीम में देहात जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, युवा मोर्चा के देहात जिला उपाध्यक्ष हरि सिंह, महिला मोर्चा देहात जिला अध्यक्ष रितु अग्रवाल और भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल को सदस्य नियुक्त किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को भाजपा सेवा दिवस के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।
पारस जैन ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले ये आयोजन 17 अक्टूबर तक चलेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और जन सेवा के प्रति योगदान को रेखांकित किया जाएगा। अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भाजपा देहात जिले की टीम में अमित कलाल को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।