तस्वीर में वल्लभनगर क्षेत्र के नर्सिंग अधिकारी हाथ पर काली पट्टी बांधकर और मुट्ठी उठाकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं।

ऋषभदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग अधिकारियों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को वल्लभनगर क्षेत्र के नर्सिंग अधिकारियों ने हाथ पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। नर्सिंग अधिकारियों ने नियमित चिकित्सकीय कार्य जारी रखते हुए घटना के प्रति अपना आक्रोश जताया। इस दौरान नर्सिंग अधिकारियों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई।

राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन उदयपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष कुंदन मेनारिया ने बताया कि ऋषभदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को ड्यूटी के दौरान नर्सिंग अधिकारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना के बाद नर्सिंग संवर्ग में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग अधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और मरीजों के उपचार, देखभाल तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की घटना गंभीर चिंता का विषय है।

घटना के विरोध में राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन उदयपुर ग्रामीण के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों के निर्णय के अनुसार वल्लभनगर सहित जिले के विभिन्न चिकित्सकीय संस्थानों में नर्सिंग अधिकारियों ने हाथ पर काली पट्टी बांधकर नियमित चिकित्सकीय कार्य किया। नर्सिंग अधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए ऋषभदेव सीएचसी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ उचित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

जिला अध्यक्ष कुंदन मेनारिया ने कहा कि नर्सिंग अधिकारी अस्पतालों में मरीजों की सेवा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं। यदि चिकित्सकीय संस्थानों में ड्यूटी के दौरान ही स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी तो वे भयमुक्त होकर अपनी सेवाएं कैसे दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के साथ-साथ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

नर्सिंग अधिकारियों ने मांग की कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं। इसके साथ ही ऋषभदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्सिंग अधिकारियों के साथ हुई मारपीट की घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।

नर्सिंग अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी विषम परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा करते हैं। ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या मारपीट स्वीकार नहीं की जा सकती। काली पट्टी बांधकर किया गया विरोध स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन रहा।

इस अवसर पर विमला आमेटा, चंचल चौधरी, महेश लौहार, बिंदु, दिव्या, ज्योति लबाना, सीमा, सुशीला, दिव्या, हीरा डांगी, प्रवीण लौहार, संजय, वनिता, विश्वकांता, राहुल चौहान, ममता जाट सहित अन्य नर्सिंग अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: