नगर परिषद पुष्कर में नगर निकाय आम चुनाव के तहत 11 सितंबर को मतदान प्रक्रिया जारी रही। पुष्कर नगर परिषद क्षेत्र के 25 वार्डों में सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। मतदान केंद्रों पर युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और पहली बार मतदान करने वाले मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। खबर लिखे जाने तक लगभग 66 फीसदी मतदान हो चुका था। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

जिला कलेक्टर ने खादी ग्रामोद्योग केंद्र पहुंचकर मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने मतदान केंद्रों के बाहर जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। रावत ने पुष्कर के लोगों से तीर्थराज के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

पुष्कर के वार्ड 7 में ईवीएम खराब होने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। तकनीकी खराबी के कारण करीब 40 मिनट से ज्यादा समय तक मतदान रुका रहा। मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। लंबे समय तक मतदान शुरू नहीं होने पर कई मतदाता इंतजार के बाद अपने घरों की ओर लौटते नजर आए।

ईवीएम खराबी की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। उपखंड अधिकारी गुरुप्रसाद तंवर, तहसीलदार तथा एमडी सिंह चौहान सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम बदली गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई।

ईवीएम खराबी के बीच वार्ड नंबर 7 में चुनावी माहौल भी गरमाया रहा। कांग्रेस की ओर से वार्ड 7 के बीएलओ नारायण अग्रवाल पर आरोप लगाया गया कि वे भाजपा के पक्ष में मतदान करवाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर मतदान केंद्र पर चर्चा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने नारायण अग्रवाल को मौके से रवाना कर दिया। मतदान केंद्र पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसे लेकर प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई।

मतदान के दौरान पुष्कर में कई जगह चुनावी माहौल में गर्माहट भी दिखाई दी। कहीं प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच बहस हुई तो कहीं मतदाताओं में मतदान को लेकर जोश नजर आया। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने के प्रयास लगातार जारी रहे।

पुष्कर में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और पहली बार वोट डालने वाले मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे। एकमात्र किन्नर मतदाता ने भी अपने मत का प्रयोग किया।

पुष्कर में कई जगह उम्मीदवार और उनके समर्थक आमने-सामने नजर आए, वहीं एससी वार्डों और वार्ड 19 में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार साथ खड़े होकर चुनाव प्रक्रिया की खूबसूरती की मिसाल कायम करते नजर आए। एससी वार्डों में उम्मीदवार साथ खड़े रहकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की मनुहार करते नजर आए।

पूर्व सभापति कमल पाठक, पूर्व पालिकाध्यक्ष दामोदर शर्मा, मंजू कुर्डिया, जनार्दन शर्मा, शिवस्वरूप महर्षि, अन्नी देवी उदय, सत्यनारायण रामावत सहित कई बड़े नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से मतदान की अपील की। पुष्कर नगर परिषद के 25 वार्डों में मतदान के दौरान मतदाताओं की भागीदारी, ईवीएम खराबी और स्थानीय स्तर पर हुए विवादों के बीच चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ती रही।

Tags: