उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां: सड़क चौड़ीकरण की जद में आए सीएम मोहन यादव और उनकी बहन के पैतृक मकान|
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव के पैतृक घर और उनकी बहन के मकान पर नगर निगम द्वारा लाल निशान लगाए गए हैं।
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा मार्ग पर स्थित मुख्यमंत्री मोहन यादव के पैतृक घर पर लाल निशान लगाने के बाद का दृश्य।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 को लेकर सड़क चौड़ीकरण का काम बहुत तेजी से चल रहा है, जिसके तहत मार्ग में बाधा बन रहे मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस विकास कार्य की जद में खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी बड़ी बहन का पैतृक घर भी आ गया है।
प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण का यह प्रोजेक्ट खजूर वाली मस्जिद से शुरू होकर अब्दालपुरा और जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक जाएगा। इस करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस पूरे क्षेत्र में कुल 272 इमारतें ऐसी हैं जिन पर प्रशासनिक कार्रवाई होनी है और इन्हें तोड़ा जाना है। इसी दायरे में मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक मकान और उनकी बड़ी बहन एवं नगर निगम सभापति कलावती यादव का घर भी शामिल है।
नग निगम की टीम ने प्रभावित होने वाले इन सभी मकानों की पैमाइश कर वहां लाल निशान लगा दिए हैं। मुख्यमंत्री के परिजनों का इस पर कहना है कि शहर के विकास और सिंहस्थ की भव्य तैयारियों को देखते हुए वे मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
बताया जाता है कि इस पैतृक मकान को मुख्यमंत्री मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में बनवाया था। इसी घर में उनके दोनों बेटों—पूनमचंद्र यादव और शंकरलाल यादव—समेत पूरे परिवार का बचपन बीता था। पूनमचंद्र यादव के पांच बच्चों में नंदलाल यादव, नारायण यादव, मुख्यमंत्री मोहन यादव, ग्यारसी बाई और नगर निगम सभापति कलावती यादव हैं। हालांकि, वर्तमान में इस मकान में परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता है, सभी लोग दूसरी जगहों पर रहते हैं, लेकिन उनका आना-जाना हमेशा लगा रहता है। नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर परिवार की तरफ से किसी भी प्रकार का एतराज नहीं जताया गया है।
इस पूरे मामले पर नगर निगम सभापति कलावती यादव ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस इलाके के सभी लोग उनके परिवार जैसे हैं और विकास कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार का राजनीतिक या धार्मिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। प्रभावित लोगों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखकर उनका समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है और स्थानीय लोग खुद इस कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चौड़ीकरण की जद में उनका भी मकान आ रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए लोगों के मन में 'अतिथि देवो भव' की भावना है, इसलिए किसी को भी इस चौड़ीकरण से कोई आपत्ति नहीं है।