सिरोही में पदभार संभालने के बाद नए पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ पैदल मार्च

सिरोही। नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ ने पदभार संभालने के बाद सोमवार रात पुलिस अधिकारियों के साथ शहर में पैदल मार्च कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। कोतवाली थाने से शुरू हुए इस मार्च के दौरान एसपी ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

पैदल मार्च के दौरान डॉ. राठौड़ ने शहर की भौगोलिक स्थिति, यातायात व्यवस्था और प्रमुख इलाकों की स्थिति को करीब से देखा। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। डिप्टी एवं कोतवाली थाना पुलिस का जाब्ता भी पैदल मार्च में शामिल रहा।

एसपी डॉ. राठौड़ ने पैलेस रोड से होते हुए पुराने सिनेमा हॉल क्षेत्र, सरजावाव दरवाजा एवं राजमाता धर्मशाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस दल अंबेडकर सर्किल होते हुए एसपी निवास की ओर रवाना हुआ।

पदभार संभालने के बाद नए एसपी का यह ग्राउंड विजिट शहर की सुरक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर समझने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली व्यवस्थाओं एवं समस्याओं के आधार पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।