निकाय चुनाव 2026: सिरोही में नामांकन के दूसरे दिन उमड़ा हुजूम, दिखा शक्ति प्रदर्शन
सिरोही निकाय चुनाव 2026 में नामांकन के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट में भारी भीड़ उमड़ी। भाजपा-कांग्रेस के दावेदारों और निर्दलियों ने दिखाई ताकत।
तस्वीर में सिरोही कलेक्ट्रेट परिसर में पार्षद पद के नामांकन के लिए पहुंचते अभ्यर्थी और उनके समर्थक नजर आ रहे हैं।
सिरोही निकाय चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही कलेक्ट्रेट परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। पार्षद पद के दावेदार अपने समर्थकों के हुजूम के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
नामांकन को लेकर रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी के साथ महज पांच प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
इस दौरान महिला दावेदारों में भी खासा उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। वहीं, कई दावेदारों ने नामांकन के बहाने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन भी किया।
हालांकि अभी तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन दोनों दलों से जुड़े टिकट के दावेदारों द्वारा नामांकन फॉर्म भरने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में ताल ठोकते नजर आ रहे हैं।
नामांकन के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में उमड़ी भीड़ ने संकेत दे दिए हैं कि आगामी दिनों में निकाय चुनाव को लेकर सियासी मुकाबला और अधिक रोचक होने वाला है। अब सभी की निगाहें भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सूचियों पर टिकी हैं। टिकट किसे मिलता है और कौन निर्दलीय मैदान में डटा रहता है, यह तस्वीर आने वाले दिनों में साफ होगी।