सिरोही में जिला परिषद चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर को नामांकन पत्र सौंपते प्रत्याशी।   

सिरोही में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन के अंतिम दिन कलेक्टर परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। प्रत्याशियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इस दौरान परिसर में चुनावी हलचल बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा तैनात किया गया।

जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिह्न (सिंबल) जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंप दिए। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सक्रियता नामांकन के अंतिम दिन विशेष रूप से देखने को मिली।

कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा, जिला प्रभारी अंजना मेघवाल और चुनाव प्रभारी मनीषा पंवार ने प्रत्याशियों की सूची सौंपी। वहीं, भाजपा की ओर से जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, सांसद लुंबाराम चौधरी और प्रभारी श्रवण सिंह राव ने पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न जमा करवाए।

नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन दोनों दलों के नेताओं की सक्रियता और प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की मौजूदगी से कलेक्टर परिसर में चुनावी माहौल बना रहा। भाजपा और कांग्रेस की ओर से सिंबल सौंपे जाने के बाद जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी की नजरें चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर पर टिकी हैं। सिरोही जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य पदों के लिए दोनों प्रमुख दलों की तैयारियों के बीच चुनावी गतिविधियों ने गति पकड़ ली है।

Tags: