आबूरोड स्टेशन और डीजल शेड का महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया गहन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा पर दिए सख्त निर्देश
उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अजमेर मंडल के आबूरोड रेलवे स्टेशन और डीजल शेड का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास, पार्किंग, वेटिंग हॉल, स्वच्छता, पेयजल, केटरिंग, सुरक्षा, आरपीएफ, रनिंग रूम और यात्री सुविधाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीजल शेड में लोको रखरखाव, तकनीकी सुविधाओं और संरक्षा मानकों का भी जायजा लिया।
Update: 2026-08-08 12:20 GMT
उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने 8 अगस्त 2026 को आबूरोड रेलवे स्टेशन पर केटरिंग स्टॉल और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
- अजमेर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने 8 अगस्त 2026 को अजमेर मंडल के अंतर्गत आबूरोड रेलवे स्टेशन एवं डीजल शेड का गहन और विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री अनूप शर्मा सहित मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, खानपान, सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
- वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया कि महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने आबूरोड स्टेशन पर किए जाने वाले पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्री सुविधाओं के तहत वेटिंग हॉल, स्लीपर क्लास वेटिंग हॉल, अपर क्लास वेटिंग हॉल और एसी वेटिंग लाउंज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्रियों के बैठने और विश्राम की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
- महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों और शौचालयों की स्वच्छता प्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखने पर जोर दिया। स्टेशन पर स्थापित ड्रिंकिंग वाटर बूथ सहित शुद्ध पेयजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई, ताकि यात्रियों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा मिल सके।
- निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर स्थित केटरिंग स्टॉल्स तथा आईआरसीटीसी रिफ्रेशमेंट रूम का भी जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और उचित मूल्य पर सदैव विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। यात्री आवागमन को सुगम बनाने के लिए फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही रिटायरिंग रूम की व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरपीएफ थाने का भी निरीक्षण किया गया।
- महाप्रबंधक ने लोको पायलटों और गार्डों के विश्राम के लिए बनाए गए रनिंग रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और लॉबी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने क्रू मेंबर्स की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि रनिंग स्टाफ को आवश्यक विश्राम और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सके।
- स्टेशन निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्टेशन विकास परियोजनाओं की प्रगति, यात्री सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता और संरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए यात्री सुविधाओं और रेलवे संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
- इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने आबूरोड स्थित डीजल शेड का दौरा किया। यहां उन्होंने लोको रखरखाव, तकनीकी सुविधाओं तथा संरक्षा मानकों का अवलोकन किया। आबूरोड स्टेशन और डीजल शेड के इस निरीक्षण के माध्यम से स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, खानपान, क्रू सुविधाओं, लोको रखरखाव और संरक्षा व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की गई, जिससे रेलवे सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
- मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर