विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026: सवाई माधोपुर में युवाओं के लिए मौका
सवाई माधोपुर में 21 नवंबर को जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट का आयोजन होगा। युवा 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विषय पर विचार रखेंगे और राष्ट्रीय चरण तक पहुंचेंगे।
सवाई माधोपुर में युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय नीतियों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलने जा रहा है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत केंद्र की ओर से विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक युवाओं को 10 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन 21 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे से जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ, नेतृत्व क्षमता और नीतिगत विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की योग्यता विकसित करना है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। पूर्व संस्करणों के राष्ट्रीय स्तर के यूथ पार्लियामेंट चरण में फाइनलिस्ट रहे प्रतिभागी इस वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदन करने वाले युवाओं को कक्षा 10 का पासिंग सर्टिफिकेट और आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी माय भारत पोर्टल के मेगा इवेंट टैब पर जाकर जिला सवाई माधोपुर का चयन कर विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए 10 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित विषय 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर तीन मिनट में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रत्येक जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर शीर्ष तीन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय चरण के लिए चुना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष आयोजित कार्यक्रम में सवाई माधोपुर जिले की रेणुका जांगिड़ ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया था। इस बार भी जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय चरण का आयोजन 9 एवं 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में निर्धारित है। इसके बाद चयनित प्रतिभागी 11 एवं 12 जनवरी, 2027 को आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में भाग लेंगे।
पंजीकरण और कार्यक्रम से संबंधित किसी भी अन्य सहायता के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14472 अथवा 1800-212-2729 पर संपर्क कर सकते हैं। युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता जिला स्तर से राष्ट्रीय मंच तक अपने विचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।