सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की सक्रिय भागीदारी सामने आई है। जिले की चार पंचायत समितियों के 78 सदस्य पदों के लिए बीते चार दिनों में 561 अभ्यर्थियों ने कुल 710 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

चतुर्थ चरण के तहत सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हुई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने बताया कि चारों पंचायत समितियों में चौथे दिन तक 561 अभ्यर्थियों की ओर से कुल 710 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।

नामांकन के आंकड़ों के अनुसार चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति में 127 अभ्यर्थियों ने 135 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। गंगापुर सिटी पंचायत समिति में 132 अभ्यर्थियों ने 181 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इसी तरह सवाई माधोपुर पंचायत समिति में 170 अभ्यर्थियों ने 203 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि वजीरपुर पंचायत समिति में 132 अभ्यर्थियों की ओर से 191 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार गुरुवार 5 नवम्बर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। इसके बाद शुक्रवार 6 नवम्बर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे।

नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही शुक्रवार को चुनाव मैदान में शेष रहने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची भी प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही चारों पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।


Tags: