सवाई माधोपुर जिले में युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रखने और तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत 60 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान जिले में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान और तंबाकू मुक्त ग्राम बनाने के साथ तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर रहेगा।

इस अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान की कार्ययोजना और क्रियान्वयन को लेकर संयुक्त निदेशक एवं एसएनओ-एनटीसीपी डॉ. एस.एन. धौलपुरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रखना, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना और आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए जिले के सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 60 दिवसीय अभियान में छह प्रमुख रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों को लेकर जन-जागरूकता फैलाना, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करना, तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा को बढ़ावा देना, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई करना शामिल है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा।

अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को तंबाकू से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार एवं समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के प्रभावी संचालन के साथ नियमों के उल्लंघन पर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग भारत सरकार के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पोर्टल पर की जाएगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर इन गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने आमजन, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और युवाओं से तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा तंबाकू मुक्त जयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। 60 दिनों तक चलने वाला यह अभियान युवाओं में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित रहेगा।

Tags: