सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को 145 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली मतदान प्रक्रिया के बाद मतगणना शुरू होगी और परिणाम जारी किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि तीसरे चरण में जिले की चार पंचायत समितियों की 145 ग्राम पंचायतों में कुल 145 सरपंच और 1,379 वार्ड पंच पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हो रही है। इन पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हुई।

पंचायत समिति क्षेत्रवार पदों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि खण्डार में सरपंच के 35 और वार्ड पंच के 369 पदों, मलारना डूंगर में सरपंच के 29 और वार्ड पंच के 277 पदों, बामनवास में सरपंच के 49 और वार्ड पंच के 413 पदों तथा बौंली में सरपंच के 32 और वार्ड पंच के 320 पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

मतदान के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता मतदान के समय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र अथवा आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक अपने साथ लेकर आएं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में मतदान में भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Tags: