सवाई माधोपुर: पंचायत समिति चुनाव के चौथे चरण में 710 नामांकन पत्र दाखिल
जिले की 4 पंचायत समितियों के 78 सदस्य पदों के लिए 561 अभ्यर्थियों ने पर्चे भरे हैं। 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
सवाई माधोपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में जिले की चार पंचायत समितियों के 78 सदस्य पदों पर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर पंचायत समितियों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान चार दिनों में 561 अभ्यर्थियों ने कुल 710 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण की नामांकन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हुई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने बताया कि नामांकन के चौथे दिन तक चारों पंचायत समितियों में कुल 561 अभ्यर्थियों ने 710 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार चौथ का बरवाड़ा में 127 अभ्यर्थियों ने 135 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। गंगापुर सिटी पंचायत समिति में 132 अभ्यर्थियों ने 181 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इसी प्रकार सवाई माधोपुर पंचायत समिति में 170 अभ्यर्थियों ने 203 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि वजीरपुर में 132 अभ्यर्थियों ने 191 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार गुरुवार 5 नवम्बर को प्रातः 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद शुक्रवार 6 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही शुक्रवार को चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। साथ ही चुनाव मैदान में बने रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची भी प्रकाशित की जाएगी। इस प्रक्रिया के साथ ही चारों पंचायत समितियों के 78 सदस्य पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।