औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारी सवाई माधोपुर स्थित फर्म में कार्रवाई के दौरान दवा के दस्तावेज और पैकेट सील करते हुए।

सवाई माधोपुर में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ औषधि नियंत्रण विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख रुपये बाजार मूल्य की Rabitra DSR दवा का स्टॉक जब्त किया है। राजबाग क्षेत्र स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट से बरामद इस दवा का नमूना प्रयोगशाला जांच में नकली (Spurious) पाया गया था। इसके बाद विभाग की टीम ने संबंधित फर्म पर छापा मारकर उपलब्ध स्टॉक जब्त किया।

सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी सिंधु शर्मा ने पूर्व में निरीक्षण एवं जांच अभियान के दौरान Rabitra DSR (Rabeprazole एवं Domperidone) दवा का नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा था। जांच रिपोर्ट में नमूना नकली पाए जाने की पुष्टि होने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैसर्स एस.बी. एसोसिएट के यहां छापा मारा और दवा का स्टॉक जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में इस औषधि की मार्केटिंग फर्म Astrica Biomedics Pvt. Ltd., अहमदाबाद और निर्माता फर्म Zenon Lifesciences Pvt. Ltd., अहमदाबाद का नाम सामने आया है। विभाग की ओर से संबंधित दवा के स्रोत और उसकी आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जा रही है, ताकि नकली औषधियों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

जब्त की गई नकली दवा को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में विभाग नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रहा है।

सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने कहा कि औषधि नियंत्रण विभाग नकली और अवैध दवाओं के कारोबार के खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है। आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

विभाग ने आमजन और दवा विक्रेताओं से अपील की है कि वे औषधियों की खरीद केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी स्रोतों से ही करें। किसी भी संदिग्ध दवा या अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल औषधि नियंत्रण विभाग को सूचित करें। प्रयोगशाला में दवा का नमूना नकली पाए जाने के बाद हुई इस कार्रवाई में अब विभाग की जांच का केंद्र उसके स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाना है।

Tags: