बौंली, बामनवास। पंचायतीराज चुनाव के पंचायत समिति सदस्य पदों के परिणामों ने बौंली और बामनवास में कांग्रेस की स्थिति मजबूत कर दी है। दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए अपने प्रधान बनाने का रास्ता लगभग साफ कर लिया है। चुनाव परिणामों में भाजपा दोनों ही क्षेत्रों में कांग्रेस से काफी पीछे नजर आ रही है।

बौंली पंचायत समिति की कुल 19 सीटों में से कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा को तीन सीटें मिली हैं। दो सीटों पर अन्य प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, वहीं एक सीट का चुनाव परिणाम आना शेष है।

इसी तरह बामनवास पंचायत समिति की कुल 23 सदस्य संख्या में से कांग्रेस ने 14 सीटों पर कब्जा जमाया है। भाजपा को छह सीटें मिली हैं, जबकि दो सीटों पर अन्य प्रत्याशी विजयी रहे हैं। यहां भी एक सीट का चुनाव परिणाम आना शेष है।

दोनों पंचायत समितियों के मौजूदा चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस ने स्पष्ट बढ़त बना ली है। ऐसे में बौंली और बामनवास, दोनों जगह कांग्रेस के प्रधान चुने जाने का रास्ता लगभग तय माना जा रहा है।

चुनाव में भाजपा की हार के प्रमुख कारणों में पार्टी का अति आत्मविश्वास, जनरलों की नाराजगी और मतदाताओं का मतदान के लिए बाहर नहीं निकलना बताया जा रहा है। इसके विपरीत कांग्रेस ने पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की। दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस की इस बढ़त ने क्षेत्र के पंचायत चुनावों के राजनीतिक समीकरण स्पष्ट कर दिए हैं।

Tags: