साइबर ठगी के म्यूल बैंक अकाउंट मामले में सवाई माधोपुर पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा
| तकनीकी आसूचना के आधार पर हरियाणा के नूंह मेवात से दो माह से फरार चल रहे आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में जांच शुरू की गई है।
बाएं से पुलिस कांस्टेबल तेजराम सिंह और म्यूल अकाउंट मामले में हरियाणा के नूंह मेवात से गिरफ्तार आरोपी शुभम।
साइबर ठगी के जरिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक अकाउंट के मामले में सवाई माधोपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो माह से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी को हरियाणा के नूंह मेवात जिले से डिटेन किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे 20 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली श्री हिम्मत सिंह आरपीएस तथा पुलिस उपाधीक्षक वृत्त बौंली श्री हंसराज बैरवा आरपीएस का सुपरवीजन रहा। कार्रवाई पुलिस निरीक्षक एवं मित्रपुरा थानाधिकारी श्री कैलाश चन्द शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार अभियोग संख्या 124/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में वांछित म्यूल अकाउंट धारक शुभम पुत्र देवी सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी अरिंग, पुलिस थाना गोवर्धन, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस तकनीकी आसूचना जुटा रही थी। इसी आधार पर उसे जिला नूंह मेवात (हरियाणा) से डिटेन किया गया।
पुलिस ने तफ्तीश के बाद 20 नवंबर 2026 को आरोपी शुभम को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत गिरफ्तार किया। मामले में साइबर ठगी से जुड़े तथ्यों और आरोपी की भूमिका को लेकर गहनता से अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक कैलाश चन्द शर्मा, हेड कांस्टेबल विष्णु प्रताप सिंह (नंबर 1285), कांस्टेबल तेजराम सिंह (नंबर 80) और कांस्टेबल सोनाराम (नंबर 1384) शामिल रहे। पुलिस अब प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।