सवाई माधोपुर के आत्मा सभागार में कृषि अधिकारियों ने आदान विक्रेताओं को FFS प्रणाली का प्रशिक्षण दिया।  

सवाई माधोपुर। जिले में उर्वरकों की बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली तथा उर्वरकों की टैगिंग पर रोक लगाने के लिए 24 नवंबर 2026 से फ्रेमवर्क फर्टिलाइजर (FFS) प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों की बिक्री फिर शुरू की जाएगी। अब किसानों को उनकी जमीन और फसल के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए FFS पोर्टल को ई-धरती से जोड़ा गया है, जिससे किसानों की जमीन का रिकॉर्ड प्रदर्शित होगा और उसी के आधार पर उर्वरक की बुकिंग की जा सकेगी।

इस संबंध में 20 नवंबर 2026 को आत्मा सभागार में उर्वरक विक्रेताओं की प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार), भरतपुर खण्ड, भरतपुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आदान विक्रेताओं को FFS प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। विक्रेताओं से सुझाव भी लिए गए तथा उनके संशयों का निराकरण किया गया।

बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) लखपत लाल मीना ने FFS पोर्टल में किए गए सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि पोर्टल को ई-धरती से जोड़ा गया है। इससे किसान की भूमि का रिकॉर्ड उपलब्ध होगा और उसी के अनुसार उर्वरक बुकिंग की जा सकेगी। अब कृषक को उसकी जमीन के आधार पर ही उर्वरक मिलेगा। इसके तहत एक हेक्टेयर भूमि पर 4 बैग यूरिया और दो बैग डी.ए.पी. (DAP) निर्धारित किए गए हैं।

FFS पोर्टल के माध्यम से किसानों को उनकी जमीन और फसल के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध होगा। नई व्यवस्था से किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने, उर्वरकों की कालाबाजारी और टैगिंग जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रावधान किया गया है। अब उर्वरक विक्रेता किसानों के साथ इस प्रकार की अनियमितताएं नहीं कर सकेंगे।

इस व्यवस्था के तहत सरकारी फार्म और बटाईदार भी FFS पोर्टल पर उर्वरक बुकिंग कराकर खाद प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार 24 नवंबर 2026 से जिले में उर्वरक वितरण की प्रक्रिया जमीन के रिकॉर्ड और फसल के आधार पर संचालित होगी।

उर्वरक विक्रेताओं के प्रशिक्षण के दौरान उप निदेशक कृषि एवं परियोजना निदेशक (आत्मा) अमर सिंह तथा खण्ड कार्यालय भरतपुर के सहायक निदेशक राधारमण शर्मा भी मौजूद रहे। यह जानकारी संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद सवाई माधोपुर लखपत लाल मीना ने दी।

Tags: