14 सितंबर को सवाई माधोपुर समेत जिले के 6 निकायों में सुबह 8 बजे से मतगणना
सवाई माधोपुर समेत जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में 14 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। काना राम ने मतगणना केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और नियमों की पालना के निर्देश दिए।
तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी और अन्य अधिकारी सवाई माधोपुर के मतगणना केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 14 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने शनिवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर के मतगणना केन्द्र महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतगणना से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारी मांगीलाल एवं अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग गोविन्द सहाय मीणा के साथ मतगणना केन्द्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिले के छह नगरीय निकायों के लिए निर्धारित मतगणना केन्द्रों पर वार्डवार मतों की गणना होगी। नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड 1 से 60 के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर के कमरा नं. 14 में 14 टेबल निर्धारित की गई हैं। नगर पालिका खण्डार के वार्ड 1 से 25 की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, खण्डार के हॉल नं. 1 में 5 टेबल पर होगी। नगर पालिका बौंली के वार्ड 1 से 25 के लिए राजकीय महाविद्यालय, बौंली के कमरा नं. 2 में 5 टेबल निर्धारित हैं।
नगर परिषद गंगापुर सिटी में दो कक्षों में मतगणना होगी। वार्ड 1 से 30 के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी के न्यू हॉल नं. 1 में 7 टेबल तथा वार्ड 31 से 60 के लिए कमरा नं. 31 में 7 टेबल निर्धारित की गई हैं। नगर पालिका वजीरपुर के वार्ड 1 से 25 की मतगणना राजकीय कन्या महाविद्यालय, वजीरपुर के कमरा नं. 3 में 5 टेबल पर होगी। नगर पालिका बामनवास के वार्ड 1 से 20 के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बामनवास के कमरा नं. 2 में 5 टेबल निर्धारित की गई हैं।
सभी नगरीय निकायों में एक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। जिस वार्ड में एक से अधिक मतदान केन्द्र हैं, वहां सभी मतदान केन्द्रों के मतों की गणना उसी टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गणना से होगी। इसके लिए पृथक टेबल निर्धारित नहीं की जाएगी, बल्कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की टेबल पर ही डाक मतपत्रों की गणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना वार्डवार निर्धारित क्रम के अनुसार की जाएगी। संबंधित वार्ड के अभ्यर्थी एवं गणना अभिकर्ता निर्धारित टेबल के अनुरूप ही मतगणना कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। एक वार्ड की मतगणना पूर्ण होने के बाद अगले वार्ड के अभ्यर्थियों एवं गणना अभिकर्ताओं को मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना प्रक्रिया के दौरान मतों की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान रहेगा। मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व रिटर्निंग अधिकारी द्वारा मतगणना कक्ष में उपस्थित सभी व्यक्तियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 के प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।