सवाई माधोपुर में 18 सितंबर को पंचायती राज शिक्षक संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन
सवाई माधोपुर में पंचायती राज शिक्षक संघ का जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 18 सितंबर को मानटाउन क्लब में होगा। बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं, स्थानांतरण, पदोन्नति और वेतन विसंगतियों पर चर्चा हुई।
तस्वीर में सवाई माधोपुर के मानटाउन क्लब में आयोजित बैठक के दौरान राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी और सदस्य नजर आ रहे हैं।
राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला सवाई माधोपुर के जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन का आयोजन 18 सितंबर को जिला मुख्यालय स्थित मानटाउन क्लब में किया जाएगा। आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में हुई, जिसमें सम्मेलन की तैयारियों, रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से आगामी जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन मानटाउन क्लब, जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर में 18 सितंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया। सम्मेलन की व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहकर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध करवाना है। सम्मेलन में शिक्षकों की जिला स्तरीय समस्याओं को जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए मांग पत्र तैयार कर राज्य सरकार को भिजवाने का भी निर्णय लिया गया।
जिला मंत्री ओमप्रकाश मीना ने बताया कि शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं, सेवा संबंधी प्रकरणों, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नति, वेतन विसंगतियों और अन्य शिक्षक हितों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से मंथन किया गया। इन मुद्दों को सम्मेलन में प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। सम्मेलन की सफलता और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया तथा कमेटियों को आयोजन से संबंधित दायित्व सौंपे गए। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष सवाई माधोपुर विजेंद्र फागना ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य शिक्षकों की एकजुटता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना है। जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शिक्षकों के बीच संवाद, शैक्षिक उन्नयन और समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में संगठन के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर, प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, जिला प्रवक्ता विनोद जैन, जिला उपाध्यक्ष देशराज मीना, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष भुवनेश शर्मा, जिला संरक्षक रामस्वरूप नरेनिया, नसीर मोहम्मद, ब्लॉक संगठन मंत्री मोजीराम मीना, ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष यादवेंद्र गौतम, ब्लॉक कोषाध्यक्ष पारस चंद जैन, महिला सदस्य रीना सैनी सहित संगठन के पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।