गंगापुर सिटी से 18 सितंबर को रवाना होगी मां गुमानो बीजासनी पदयात्रा
सीताराम जी मंदिर से शुरू होकर पदयात्रा कुड़गांव और लखरूकी होते हुए 20 सितंबर को करणपुर पहुंचेगी, जहां विशाल भंडारे और भजन संध्या का आयोजन होगा।
करणपुर धाम स्थित मां गुमानो बीजासनी देवी की 21वीं निशुल्क पदयात्रा 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को गंगापुर सिटी की पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम जी के मंदिर से रवाना होगी। माँ गुमानो बीजासनी देवी सेवा समिति करणपुर वाली के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस पदयात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
समिति महामंत्री कैलाश गुप्ता सैमरदा ने बताया कि मां जगदंबे की पूजा-अर्चना के बाद पदयात्रा सीताराम जी के मंदिर की परिक्रमा करेगी। इसके बाद फब्बारा चौक, उदेई मोड़ और सालोदा मोड़ के रास्ते यात्रा आगे प्रस्थान करेगी। पदयात्रा का पहला रात्रि विश्राम विद्या मैरिज होम, कुड़गांव में होगा।
19 सितंबर को सुबह पदयात्रा झांसी वालों की धर्मशाला, कैलादेवी यात्रा पहुंचेगी। इसके बाद 19 सितंबर की रात्रि का विश्राम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखरूकी में रहेगा। 20 सितंबर को सुबह ठाकुर बाबा और दोपहर में मां जगदंबे के दरबार में करणपुर पदयात्रा पहुंचेगी।
करणपुर पहुंचने पर विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान मां को विभिन्न प्रकार के मेवा एवं पकवानों का भोग लगाया जाएगा और चुनरी भेंट की जाएगी। भोग के बाद मां गुमानो यात्री निवास, करणपुर में सभी भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
रात्रि में आगरा-मथुरा से आने वाले प्रसिद्ध कलाकार साज-संगीत के साथ माता रानी के भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के बीच-बीच में दिखाई जाने वाली झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समिति अध्यक्ष महेश शर्मा एवं यात्रा संयोजक गोपाल सोनी ने माता रानी के सभी भक्तों से पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।