कुशलता टोल प्लाजा पर 3 करोड़ की स्मैक पकड़ी, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सवाई माधोपुर में रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने 153.34 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये है।
तस्वीर में सवाई माधोपुर में पकड़े गए दो आरोपी एक सफेद स्विफ्ट कार और पिकअप वाहन के सामने बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 153.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल SWIFT DZIRE कार और पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 25 अगस्त 2026 की शाम गश्त के दौरान की गई।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेई IPS के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तथा भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर राकेश राजा और पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण सवाई माधोपुर रामधन चौधरी के सुपरविजन में थाना अधिकारी रवांजना डूंगर श्यामसुंदर उनि. मय पुलिस टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई में साइबर सेल टीम जयपुर रेंज की तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना की भी भूमिका रही।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुशलता टोल प्लाजा के पास एक्सप्रेस-वे पर कोटा की तरफ से एक पिकअप आ रही है, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ मिल सकता है। सूचना में यह भी बताया गया कि उक्त मादक पदार्थ लेने के लिए लालसोट की तरफ से SWIFT DZIRE कार आ रही है और कुशलता टोल प्लाजा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दोनों के बीच मादक पदार्थ का आदान-प्रदान होने की संभावना है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम कुशलता टोल प्लाजा से एक्सप्रेस-वे पर पहुंची, जहां एक SWIFT DZIRE कार और उसके सामने एक पिकअप वाहन खड़ा मिला।
कार में सुभाष गुर्जर पुत्र धर्मसिंह, जाति गुर्जर, उम्र 35 वर्ष, निवासी खोयली, थाना गढ़मोरा, जिला करौली, हाल दौसा बैठा मिला, जबकि पिकअप के अंदर रामनिवास मीणा पुत्र कजोड़ी लाल, जाति मीणा, उम्र 28 वर्ष, निवासी खेड़ी, थाना छीपाबड़ौद, जिला बारां बैठा मिला। पुलिस ने SWIFT DZIRE कार और पिकअप वाहन के साथ सुभाष गुर्जर और रामनिवास मीणा की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान सुभाष गुर्जर की कार के अंदर खाकी रंग की टेप में 153.34 ग्राम अवैध स्मैक मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सुभाष गुर्जर ने उक्त अवैध मादक पदार्थ स्मैक रामनिवास मीणा से लेना बताया। दोनों तस्करों ने पुलिस को बताया कि वे काफी समय से अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी कर रहे हैं और इसे सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर जिले तथा एनसीआर सहित विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करते हैं, जहां खरीदार स्मैक को रिटेल में मोटे दामों पर बेचते हैं।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त SWIFT DZIRE कार नंबर RJ60CA2951 और पिकअप वाहन नंबर RJ28GA6740 को भी जब्त कर लिया। जब्त अवैध मादक पदार्थ स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह अंतरराज्यीय गैंग है और इसके अन्य सदस्यों तथा नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
यह कार्रवाई साइबर सेल टीम रेंज कार्यालय जयपुर की सूचना पर पुलिस थाना रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर की टीम द्वारा की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना हाजा पर मुकदमा नंबर 166/2026, धारा 8/21, 8/29 एनडीपीएस एक्ट में पंजीबद्ध कर अनुसंधान थाना कोतवाली सवाई माधोपुर के थानाधिकारी मदन लाल मीणा पुलिस निरीक्षक द्वारा किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना अधिकारी श्यामसुंदर उनि. पुलिस थाना रवांजना डूंगर, कांस्टेबल बसाराम 1167, कांस्टेबल मोरीपाल 1096, कांस्टेबल सत्येंद्र 1408, कांस्टेबल भागचन्द 1170, कांस्टेबल रूपसिंह 1038, एसआई रतनदीप (प्रभारी साइबर सेल जयपुर रेंज), कांस्टेबल राकेश हेड कांस्टेबल 510, कांस्टेबल रोशन हेड कांस्टेबल 421, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार हेड कांस्टेबल 451 तथा जिला स्पेशल टीम सवाई माधोपुर की विशेष भूमिका रही।