सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर रिटर्निंग अधिकारी मांगीलाल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नगर परिषद सवाई माधोपुर मांगीलाल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित समयसीमा की जानकारी दी गई।

रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 27, 29 एवं 31 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को प्रातः 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है, जबकि चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा।

बैठक में पात्र अभ्यर्थी की सामान्य योग्यता के साथ प्ररूप-3 नाम निर्देशन पत्र, उपाबंध-1 में स्वच्छ एवं कार्यशील शौचालय संबंधी घोषणा, अदेय प्रमाण-पत्र, आरक्षित वार्डों के लिए जाति प्रमाण-पत्र, दोषसिद्धि की घोषणा और निक्षेप राशि की रसीद सहित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। रिटर्निंग अधिकारी ने नाम निर्देशन पत्र के सभी कॉलम सही ढंग से भरने और निर्धारित समयसीमा की पालना पर विशेष जोर दिया।

नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड 1 से 20 के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय, उपखण्ड अधिकारी सवाई माधोपुर, कलेक्ट्रेट परिसर के कमरा संख्या 30 में लिए जाएंगे। वार्ड 21 से 40 के लिए नाम निर्देशन पत्र कमरा संख्या 32 में सहायक रिटर्निंग अधिकारी (तहसीलदार) द्वारा प्राप्त किए जाएंगे। वहीं वार्ड 41 से 60 के नामांकन जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अटल सेवा केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर में सहायक रिटर्निंग अधिकारी (नायब तहसीलदार) द्वारा लिए जाएंगे।

बैठक में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों एवं आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ के प्रभारी मदनलाल मीणा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जगदीश अग्रवाल (भारतीय जनता पार्टी), राजेश पहाड़िया एवं राजेश वर्मा (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), रामगोपाल गुणसरिया एवं रईस अहमद अंसारी (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया) ने बैठक में अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।

बैठक के अंत में रिटर्निंग अधिकारी मांगीलाल ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक के जरिए नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नामांकन से लेकर चुनाव चिन्ह आवंटन तक की प्रक्रिया और निर्धारित समयसीमा स्पष्ट कर दी गई।

Tags: