गंगापुर सिटी नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारियां, वार्डवार पैनल बनेगा
गंगापुर सिटी में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में नगर परिषद चुनाव-2026 की तैयारियों पर चर्चा हुई, 60 वार्डों के उम्मीदवारों के बायोडाटा जमा।
गंगापुर सिटी के कांग्रेस कार्यालय में नगर परिषद चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पार्टी पदाधिकारी।
गंगापुर सिटी में नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। बुधवार को देवी स्टोर चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ता संवाद के माध्यम से चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में आगामी नगर परिषद चुनावों में पार्टी के अधिकृत चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों, वार्ड स्तर की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी जी.आर. खटाना रहे। जिला सह-प्रभारी राहुल भाकर, विधानसभा प्रभारी मनोज बैरवा, पीसीसी सदस्य मुकेश शर्मा देहात, अब्दुल वहाब, ब्लॉक अध्यक्ष नवीन खान, वरिष्ठ कांग्रेसी हरगोविन्द कटारिया सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला प्रभारी जी.आर. खटाना ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड में तीन-तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसमें युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। साथ ही जिताऊ व टिकाऊ उम्मीदवार पर भरोसा जताया जाएगा। वार्डों में दर्जनों कार्यकर्ताओं की सर्वे टीम नियुक्त कर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का वार्डवासियों से फीडबैक लिया जाएगा। वार्ड के सभी समाज-वर्गों के पसन्दीदा उम्मीदवार को ही कांग्रेस पार्टी की ओर से टिकट दिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि नगर परिषद के 60 वार्डों से उम्मीदवारों के बायोडाटा पार्टी कार्यालय में जमा हो चुके हैं। पूरे नगर परिषद क्षेत्र में आम जनता की आवाज है कि इस बार कांग्रेस पार्टी का सभापति बनाना चाहती है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यकर्ताओं का फीडबैक लेकर उम्मीदवारों का चयन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार 15 वर्षों से गंगापुर सिटी की जनता सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, वार्डों में फैली गंदगी, अतिक्रमण और अवरुद्ध नालों से परेशान है। भाजपा के लोगों को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने संकल्प लिया है कि इस बार नगर परिषद गंगापुर सिटी के चुनावों में आम जनता के सहयोग से भारी तादाद में वार्डों से पार्षद जिताकर कांग्रेस पार्टी का सभापति नियुक्त करना है। बैठक के दौरान नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि जी.आर. खटाना ने इच्छुक उम्मीदवारों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी नगर परिषद चुनावों में पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा वार्ड स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस पार्टी मजबूत संगठनात्मक तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करना होगा।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी आगामी नगर परिषद चुनावों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा वार्डवार संगठनात्मक तैयारियों को गति देने पर जोर दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैलाशचन्द मीना, काडू पहलवान, वीरेन्द्र अग्रवाल, ओमप्रकाश धर्मकांटा, हनुमान लोहे वाला, राजेश जैमिनी, हनुमान नारौली, पंकज मंगल, गिरधारी ठेकेदार, लड्डन, मुजाहिद, नेतराम बैरवा, हरि बैरवा, मनीष सागवान, कृष्णकुमार गोयल, राकेश छान, वीकेश खण्डेलवाल, रामकेश सैनी, सुनील सैन, अरविन्द मीना, लखन वाल्मिकी, जीतू शर्मा, फूलचन्द कोली, रामप्रकाश मीना, विजेन्द्र महावर, अभिषेक रणवा आदि बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वार्डवार फीडबैक, उम्मीदवारों के पैनल और संगठनात्मक तैयारियों के साथ कांग्रेस ने नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर अपनी चुनावी रणनीति का संकेत दिया है।