सवाई माधोपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल संवाद में भाग लेते युवा।

राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं, उभरते खिलाड़ियों एवं युवा नेतृत्वकर्ताओं से संवाद करेंगे।

सवाई माधोपुर, 26 अगस्त। देशव्यापी “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए खेलों के क्षेत्र में उनके विचारों, सुझावों एवं आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रम से बड़ी संख्या में युवा जुड़ेंगे।

संवाद के दौरान जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं एवं प्रशिक्षण को मजबूत करने, खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास, युवा नेतृत्व एवं शासन में सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम देश में खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने तथा “खेलेगा युवा, आगे बढ़ेगा भारत” की भावना के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया जाएगा।

Tags: