सवाई माधोपुर में मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपते निजी स्कूल संचालक दिख रहे हैं।

सवाई माधोपुर में मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के राष्ट्रीय संगठन स्कूल शिक्षा परिवार ने आरटीई भुगतान में देरी को लेकर कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष दिलीप शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे निजी स्कूल संचालकों ने मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता कर स्कूलों का बकाया भुगतान जल्द जारी करवाने की मांग उठाई।

ब्लॉक अध्यक्ष पदम सिंह आमेरा ने बताया कि पिछले शिक्षा सत्र को समाप्त हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सरकार की ओर से निजी स्कूलों को अब तक आरटीई का भुगतान नहीं किया गया है। जिले में कई ऐसे निजी स्कूल भी हैं, जिनका पिछले तीन वर्षों से भुगतान बकाया चल रहा है। इस संबंध में लगातार ज्ञापन सौंपकर मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

उन्होंने बताया कि दीपावली का त्योहार नजदीक होने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से निजी स्कूलों की आर्थिक स्थिति चिंताजनक हो गई है। स्कूल संचालकों के सामने कर्मचारियों को वेतन देने तक का संकट खड़ा हो गया है। इसी समस्या को लेकर प्रदेशभर में गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्षों, विधायकों एवं मंत्रियों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था।

ज्ञापन मिलने पर कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने निजी स्कूल संचालकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही दीपावली से पहले आरटीई का बकाया भुगतान करवाने का प्रयास किया जाएगा।

मंत्री को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अजय कुमार शर्मा, पदम सिंह आमेरा, उमेश कुमार शर्मा, सत्यनारायण हावा, राजकुमार वर्मा, आचार्य नरोत्तम शर्मा, आचार्य सत्यनारायण शर्मा, भरत लाल मीणा, मोतीलाल मीणा, सत्यनारायण नरेनिया और रामविलास मीणा सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। आरटीई भुगतान में लगातार हो रही देरी के बीच अब निजी स्कूल संचालकों की नजर दीपावली से पहले सरकार की ओर से बकाया राशि जारी किए जाने पर टिकी है।

Tags: