सवाई माधोपुर पंचायत समिति चुनाव: पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस ने तीनों वार्डों में दर्ज की जीत
| सवाई माधोपुर में पंचायत समिति चुनाव-2026 के पुनर्मतदान के बाद बामनवास, बौंली और खण्डार के परिणाम घोषित हुए। तीनों वार्डों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। जानिए तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशियों का अंतिम सीटों का आंकड़ा।
सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पुनर्मतदान के बाद बामनवास, बौंली और खण्डार पंचायत समिति के तीन वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए। तीनों वार्डों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। बामनवास में अजीत ने 594 मतों, बौंली में लड्डू ने 214 मतों और खण्डार में राजेन्द्र ने 432 मतों के अंतर से चुनाव जीता।
जिले की पंचायत समिति बामनवास, बौंली और खण्डार के एक-एक मतदान केंद्र पर रविवार को पुनर्मतदान कराया गया था। पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर मतगणना कराई गई और परिणाम घोषित किए गए।
घोषित परिणामों के अनुसार पंचायत समिति बामनवास के वार्ड संख्या 9 में कांग्रेस प्रत्याशी अजीत ने 594 मतों से जीत हासिल की। पंचायत समिति बौंली के वार्ड संख्या 7 में कांग्रेस के लड्डू 214 मतों से विजयी रहे। वहीं, पंचायत समिति खण्डार के वार्ड संख्या 15 में कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र ने 432 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण इन तीनों वार्डों में पुनर्मतदान कराया गया था। इन वार्डों के परिणाम घोषित होने के साथ ही जिले में पंचायत समिति सदस्य के सभी वार्डों की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई।
अंतिम चुनाव परिणामों के अनुसार पंचायत समिति बौंली के कुल 19 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 3 सीटें मिलीं। इसके अलावा बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक वार्ड में जीत हासिल की।
पंचायत समिति खण्डार के कुल 23 वार्डों में से 15 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। बीजेपी ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी।
इसी तरह पंचायत समिति बामनवास के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 15 सीटें हासिल कीं। बीजेपी के खाते में 6 सीटें आईं, जबकि 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। पुनर्मतदान वाले तीन वार्डों के नतीजों के साथ ही जिले की तीनों पंचायत समितियों सहित सभी पंचायत समिति सदस्य वार्डों के चुनाव परिणाम स्पष्ट हो गए हैं।