टोंक में 19-20 दिसंबर को होगा 24वां अखिल भारतीय ज्योतिष महासम्मेलन, विश्व शांति महायज्ञ भी होगा
| टोंक में 19 और 20 दिसंबर 2026 को 24वां अखिल भारतीय ज्योतिष महासम्मेलन आयोजित होगा। कुमारी मनु की 32वीं पुण्यतिथि पर विश्व शांति महायज्ञ, निशुल्क ज्योतिष परामर्श और विवाह बाधा, मांगलिक दोष सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
टोंक में कुमारी मनु की 32वीं पुण्यतिथि की स्मृति में 24वें अखिल भारतीय ज्योतिष महासम्मेलन एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय ज्योतिष संस्था संघ पंजीकृत, नई दिल्ली और मनु ज्योतिष एवं वास्तु शोध संस्थान, टोंक के संयुक्त तत्वावधान में 19 और 20 दिसंबर 2026 को द्विदिवसीय कार्यक्रम आयोजित होगा। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यह आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन शनिवार, 19 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे विश्व शांति महायज्ञ होगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से ग्रह पीड़ा निवारण एवं समाधान के लिए निशुल्क परामर्श दिया जाएगा।
सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार, 20 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अखिल भारतीय ज्योतिष महासम्मेलन आयोजित होगा। इसमें विवाह में विलंब एवं बाधा तथा मांगलिक दोष के उपाय, विभिन्न पंचांगों में मुहूर्त को लेकर राष्ट्रीय पर्वों की तिथियों में असमानता पर चिंतन और जुड़वा बच्चों के भाग्य में अंतर क्यों होता है, जैसे विषयों पर परिचर्चा की जाएगी।
सम्मेलन में देश-विदेश और विभिन्न राज्यों के विद्वान भाग लेंगे। उनके द्वारा निर्धारित विषयों पर व्याख्यान दिए जाएंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए पूर्व पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। किसी भी विषय पर संस्था का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य रहेगा।
दो दिवसीय आयोजन का स्थान जानकी बाई गेस्ट हाउस, पाण्डेय जी का बाग, टोंक निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए बाबूलाल शास्त्री से मोबाइल नंबर 9413129502 और 8233129502 पर संपर्क किया जा सकता है। वे मनु ज्योतिष एवं वास्तु शोध संस्थान, टोंक के निदेशक हैं। संस्थान का पता दरबार सेकेंडरी स्कूल के सामने, सुभाष बाजार, टोंक है।