सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते अधिकारी विकास कार्यों व लंबित फाइलों पर चर्चा कर रहे हैं।

सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार, 23 नवम्बर को कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनसेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान दिखाई गई टीम भावना, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ नियमित विभागीय दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन अवधि में प्रभावित हुई लंबित फाइलों और जनसेवाओं का अगले सात दिनों में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

जिला कलक्टर ने पंचायतीराज आम चुनाव-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन कराने के लिए सभी अधिकारियों और कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्वाचन कार्य संपन्न कराया है, उसी समर्पण के साथ नियमित कार्यालयीन कार्य भी किए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अंतरविभागीय प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने निर्वाचन अवधि के दौरान लंबित हुई फाइलों और प्रभावित जनसेवाओं को अगले सात दिनों में प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आगामी समीक्षा बैठक में सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर हुई प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने को कहा।

चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों की मूल विभागों में वापसी को लेकर जिला कलक्टर ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्मिक अपने मूल विभागों में जॉइनिंग देकर नियमित कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें। निर्वाचन कार्य के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिले अनुभवों, व्यवस्थाओं और सामने आई चुनौतियों का संक्षिप्त विवरण तैयार कर निर्वाचन प्रकोष्ठ में जमा करवाने के निर्देश भी दिए। इन जानकारियों का उपयोग भविष्य में बेहतर चुनावी कार्ययोजना तैयार करने में किया जाएगा।

बैठक में राज्य सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिसंबर माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को लोकार्पण, शिलान्यास और अन्य कार्यक्रमों के लिए समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला विकास पुस्तिका और प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में सभी विभागों से वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल की विभागीय उपलब्धियों, बजट घोषणाओं की प्रगति और नए विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी मांगी गई। जिला कलक्टर ने यह जानकारी कार्यालय सहायक निदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि जिला विकास पुस्तिका और प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की विकास यात्रा तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहलों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासिनया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीना, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी हरज्ञान मीना, उप निदेशक सांख्यिकी धर्मेन्द्र गुप्ता, जनसम्पर्क अधिकारी सुरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Tags: