गंगापुर सिटी रेलवे कार्यालय के बाहर जनसंवाद कार्यक्रम में खड़े मजदूर संघ पदाधिकारी और कर्मचारी।   

कोटा मंडल में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की ओर से 23 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जनसंवाद सप्ताह चलाया जा रहा है। इसके तहत 23 नवंबर को गंगापुर सिटी स्थित सीनियर सेक्शन इंजीनियर (टीआरडी) कार्यालय में रेल कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यस्थल और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सुनी गईं।

कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा एवं शाखा सचिव बलराम गुर्जर ने रेल कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर मजदूर संघ की ओर से जनसंवाद सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर कर्मचारियों से सीधे संवाद किया जाएगा और उनकी मूलभूत समस्याओं को सुना जाएगा। टीआरडी कार्यालय में आयोजित संवाद के दौरान कर्मचारियों ने कार्यस्थल और सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं।

इस दौरान सीनियर सेक्शन इंजीनियर टीआरडी महेश चंद मीणा के स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि उनका स्थानांतरण प्रशासनिक हित में भरतपुर से गंगापुर सिटी किया गया था, लेकिन प्रशासन ने अभी तक उन्हें गंगापुर सिटी में ज्वाइन नहीं करवाया है।

इस मामले पर केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की किसी भी हिटलरशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि जनसंवाद सप्ताह के आगामी दिनों में विभिन्न कार्यालयों में जाकर रेल कर्मचारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस अवसर पर मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा, दीवान सिंह, बलराम गुर्जर, शेर सिंह मीणा, अशोक मीणा, इमरान खान सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags: