राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) जिला सवाई माधोपुर की जिला कार्यकारिणी के चुनाव 24 नवंबर 2026 (मंगलवार) को गंगापुर सिटी में आयोजित होंगे। निर्वाचन प्रक्रिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बालिका), क्रिएटिव स्कूल के सामने संपन्न कराई जाएगी। चुनाव में जिले की विभिन्न उप शाखाओं के पदाधिकारी और जिला महासमिति के सदस्य भाग लेंगे।

निर्वाचन अधिकारी सोहन लाल गुप्ता (प्रदेश अध्यक्ष महामंत्री) और सह निर्वाचन अधिकारी अमर सिंह मीणा ने बताया कि जिला कार्यकारिणी के चुनाव में उप शाखाओं के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, महिला मंत्री और जिला महासमिति के सदस्य मतदाता के रूप में शामिल होंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची का प्रकाशन प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। प्रत्याशियों की सूची दोपहर 12:00 बजे तक प्रकाशित होगी, जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया दोपहर 1:00 बजे तक पूरी की जाएगी। प्रत्याशियों की अंतिम सूची दोपहर 1:30 बजे तक जारी होगी। निर्वाचन आवश्यक होने पर दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला कोषाध्यक्ष नरेश सिंह सिसोदिया चुनाव के दौरान जिले की खाली और भरी सभी रसीद बुक तथा सदस्यता राशि जिले के खाते में जमा करवाएंगे। इसके बाद प्रांत के लिए चेक तैयार करवाया जाएगा। साथ ही, सभी निर्वाचित उप शाखा कार्यकारिणियों की सूची, जिला महासमिति की सूची और उप शाखाओं के नामांकन पत्र चुनाव दिवस पर तैयार रखे जाएंगे।

चुनाव के दौरान जलपान की व्यवस्था गंगापुर उपशाखा के कोषाध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा की ओर से की जाएगी। जिला कार्यकारिणी के चुनाव में मतदान से लेकर मतगणना और परिणामों की घोषणा तक की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।

Tags: