सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत तीन मतदान केंद्रों पर 22 नवम्बर को होने वाले पुनर्मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने तीनों मतदान केंद्रों पर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिले के तीन मतदान केंद्रों पर 22 नवम्बर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) काना राम ने बताया कि पंचायत समिति बामनवास, खण्डार और बौंली के एक-एक मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की व्यवस्था की गई है।

इसके तहत पंचायत समिति बामनवास के मतदान केंद्र संख्या 88, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरसाली के कमरा नम्बर 2 में तहसीलदार बामनवास सीमा मीना को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। पंचायत समिति खण्डार के मतदान केंद्र संख्या 63, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंडावर के कमरा नम्बर 1 में तहसीलदार खण्डार पुष्कर सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पंचायत समिति बौंली के मतदान केंद्र संख्या 59, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिन्दूपुरा के कमरा नम्बर 2 पर तहसीलदार बौंली छीतर लाल मीना जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी 22 नवम्बर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने और मतदान सुनिश्चित करने की रहेगी। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान दलों को पंचायत समिति मुख्यालय स्थित संग्रहण केन्द्र तक पहुंचाया जाएगा।

इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तीनों मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के दौरान सुरक्षा, प्रशासनिक निगरानी और शांतिपूर्ण मतदान व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों के पास रहेगी।

Tags: