सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से तीन पंचायत समिति क्षेत्रों के चुनाव परिणाम अटक गए। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने तीन मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों पर रविवार, 22 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा।

शुक्रवार को मतगणना के दौरान पंचायत समिति बामनवास, खण्डार और बौंली के एक-एक मतदान केंद्र की ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके कारण मशीनों में परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सके। स्थिति को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित तीनों मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने के आदेश जारी किए हैं। आयोग ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि पंचायत समिति बामनवास के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 9 के मतदान केंद्र संख्या 88, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरसाली के कमरा नम्बर 2 में पुनर्मतदान होगा। इसी तरह पंचायत समिति खण्डार के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 15 के बूथ संख्या 63, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंडावर के कमरा नम्बर 1 तथा पंचायत समिति बौंली के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 7 के बूथ संख्या 59, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिन्दूपुरा के कमरा नम्बर 2 में भी रविवार को दोबारा मतदान कराया जाएगा।

तीनों मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके लिए मतदान दल शनिवार को जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान संपन्न होने के बाद संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर उसी दिन रात्रि 9 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। वहीं, पूर्व में हुए मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम मशीनों को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा।

ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण निर्वाचन प्रक्रिया में आए व्यवधान के बाद अब राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तीनों बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इसके साथ ही संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों के चुनाव परिणामों की मतगणना दोबारा मतदान के बाद पूरी की जाएगी।

Tags: