सवाई माधोपुर: पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में पर्यवेक्षक ने लिया जायजा
निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने चार पंचायत समितियों में मतदान और मतगणना तैयारियों का निरीक्षण कर पारदर्शी प्रक्रिया के निर्देश दिए।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के दौरान मतदान केंद्र का जायजा लेते पर्यवेक्षक।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में सरपंच एवं पंच पदों के लिए हुए मतदान के बीच राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों में निर्वाचन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया से लेकर मतगणना की तैयारियों तक का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन करने के साथ अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
5 नवंबर को पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने मलारना डूंगर, खण्डार, बामनवास एवं बौंली पंचायत समितियों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, केंद्रों पर मतदाताओं की कतारों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों के प्रतिनिधियों से संवाद कर निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
मतदान केंद्रों के निरीक्षण के साथ पर्यवेक्षक ने मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों में की गई व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम द्वारा नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराई जाए।
पर्यवेक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका होने या ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित उपखंड अधिकारी को सूचित किया जाए। साथ ही, निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने चितारा, फलौदी, रामपुरा, लहसोड़ा, छान, अल्लापुर, भाड़ौती, पीपल्दा, मित्रपुरा, मोरन एवं लाखनपुर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर वहां की निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान प्रक्रिया और मतगणना की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के साथ जिले में पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण की निर्वाचन व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।