सवाई माधोपुर: 14 साल से गायब पॉलिटेक्निक प्रवक्ता को अंतिम नोटिस
| राजस्थान सेवा नियम 86(4) के तहत प्रशासन ने 15 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है, जवाब न मिलने पर राजकीय सेवा से निष्कासन की एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
सवाई माधोपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में लगातार अनुपस्थित रहने वाली प्रवक्ता (इलेक्ट्रॉनिक्स) प्रिया मित्तल के खिलाफ अब राजकीय सेवा से निष्कासन की कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर उन्हें अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर दिया है।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सोनी की ओर से जारी नोटिस में प्रवक्ता प्रिया मित्तल को कार्यस्थल पर निरंतर अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह नोटिस राजकीय सेवा से निष्कासन की कार्रवाई से पहले अंतिम अवसर के रूप में जारी किया गया है।
नोटिस के अनुसार, प्रिया मित्तल स्वेच्छा से 9 जनवरी, 2012 से राजकीय सेवा में लगातार अनुपस्थित चल रही हैं। इस मामले में प्रशासनिक विभाग की ओर से 22 अक्टूबर, 2026 तथा राजस्थान तकनीकी शिक्षा निदेशालय, जोधपुर की ओर से 27 अक्टूबर, 2026 को जारी निर्देशों की पालना में राजस्थान सेवा नियम, 1951 के नियम 86(4) के प्रावधानों के तहत उन्हें अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
सार्वजनिक नोटिस के माध्यम से प्रिया मित्तल को निर्देशित किया गया है कि नोटिस प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के भीतर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अथवा लिखित रूप में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने या उनके उपस्थित नहीं होने की स्थिति में प्रशासन राजस्थान सेवा नियम 86(4) के तहत एकतरफा कार्रवाई करेगा। इसके तहत उन्हें राजकीय सेवा से निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी। अब निर्धारित 15 दिनों की अवधि में प्रवक्ता की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले स्पष्टीकरण पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई निर्भर करेगी।