बौंली मॉडल स्कूल परिसर में पैंथर का मूवमेंट, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
| निवाई-बौंली मार्ग पर स्थित मॉडल स्कूल में वीडियोग्राफी व पगमार्गों से पैंथर की मौजूदगी की पुष्टि के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए यह कदम उठाया है।
बौंली के मॉडल स्कूल परिसर में पैंथर की आवाजाही की पुष्टि के बाद वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाया।
बौंली। निवाई-बौंली सड़क मार्ग के पास स्थित मॉडल स्कूल में पैंथर के रात्रिकालीन मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए परिसर के पास पिंजरा लगा दिया है। पैंथर की गतिविधियों को लेकर मिली शिकायत और वीडियोग्राफी में इसकी पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने यह कार्रवाई की।
वन रेंज बौंली के फॉरेस्टर भूपेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि बौंली के मॉडल स्कूल में रात के समय पैंथर की आवाजाही बनी हुई थी। शिकायत के बाद कराई गई वीडियोग्राफी से पैंथर के मूवमेंट की पुष्टि हुई। इसके बाद पगमार्गों का निरीक्षण कर उनकी दिशा के आधार पर संबंधित स्थान पर पिंजरा लगाया गया।
यह कार्रवाई उपवन संरक्षक सवाई माधोपुर सुनील कुमार एवं एसीएफ मनीष शर्मा के निर्देशन तथा बौंली रेंजर लक्ष्मीकांत जैमन के नेतृत्व में की गई।
पिंजरा लगाने के दौरान वन विभाग की टीम से वन कर्मी हीरालाल, सीमा मीणा, विष्णु शर्मा, शेर सिंह, प्रहलाद सिंह एवं छोटी देवी मौजूद रहे। मॉडल स्कूल में पैंथर की रात्रिकालीन गतिविधियों की पुष्टि के बाद वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव की आवाजाही पर निगरानी की व्यवस्था की गई है।a