सवाई माधोपुर, 21 नवंबर। जिले में 22 नवंबर को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पांच वर्ष तक की आयु के 2 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। अभियान के लिए जिलेभर में 1,568 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयारियां की हैं और अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने की अपील की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 22 नवंबर को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। सवाई माधोपुर जिले में कुल 2,10,301 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,568 बूथ स्थापित किए गए हैं।

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजस्थान (बीकानेर) ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों और स्कूल शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार शिक्षक अभिभावकों को 22 नवंबर को अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने के लिए प्रेरित करेंगे।

पोलियो बूथ स्थापित किए गए विद्यालय रविवार को भी खुले रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बूथ संचालन के लिए आवश्यक स्थान और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही शिक्षकों और पोलियो टीमों के सहयोग से विद्यार्थियों की बुलावा टोलियां गठित की जाएंगी। ये टोलियां घर-घर जाकर लक्षित आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों को पोलियो बूथ तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगी। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शहरी क्षेत्र में 44,831 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। वहीं, बामनवास ब्लॉक में 24,491, बौंली ब्लॉक में 20,283, चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक में 20,539, गंगापुर सिटी ब्लॉक में 33,753, खंडार ब्लॉक में 24,312, मलारना डूंगर ब्लॉक में 17,031 और सवाई माधोपुर ब्लॉक में 25,061 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि यात्रा करने वाले परिवारों के बच्चे भी टीकाकरण से वंचित न रहें।

सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर पहुंचकर पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो बीमारी का खात्मा करने के लिए इसके संक्रमण चक्र को तोड़ना जरूरी है। इसलिए अभियान के दौरान कोई भी बच्चा दवा पीने से छूटना नहीं चाहिए।

Tags: