सवाई माधोपुर में आलनपुर सर्किल से ताज होटल तक सड़क चौड़ी होगी, 4.20 करोड़ होंगे खर्च
| यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यूआईटी सड़क को 11 मीटर चौड़ा करेगा और फुटपाथ बनाएगा, निर्माण कार्य के चलते आलनपुर लिंक रोड अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
सवाई माधोपुर में जाम से राहत के लिए यूआईटी आलनपुर सर्किल से ताज होटल तक सड़क चौड़ी करवा रहा है।
सवाई माधोपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन एवं पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए आलनपुर सर्किल से ताज होटल तक सड़क चौड़ाईकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। नगर विकास न्यास (यूआईटी) की ओर से इस परियोजना पर 4.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण के तहत सड़क को लगभग 11 मीटर चौड़ा करने के साथ फुटपाथ का निर्माण भी कराया जाएगा।
यूआईटी सचिव मोहित कासनिया ने बताया कि सड़क चौड़ाईकरण का यह कार्य आमजन एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करवाया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने और फुटपाथ बनने से यातायात अधिक सुगम होने के साथ जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। निर्माण कार्य के सुचारू संचालन और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए आलनपुर लिंक रोड पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में रणथम्भौर रोड से होते हुए सीधे आलनपुर रोड का उपयोग करना होगा।
यूआईटी सचिव मोहित कासनिया ने आमजन एवं वाहन चालकों से निर्माण स्थल के आसपास विशेष सावधानी बरतने, यातायात नियमों की पालना करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। सड़क चौड़ाईकरण परियोजना पूरी होने के बाद आलनपुर सर्किल से ताज होटल तक आवागमन को अधिक सुगम बनाने और यातायात जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।