विकसित भारत युवा संसद में गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प, पम्मी शर्मा ने हासिल किया प्रथम स्थान
| सवाई माधोपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद और चैलेंज ट्रैक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। नशामुक्त भारत के विषय पर युवाओं ने विचार रखे, वहीं पम्मी शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सवाई माधोपुर में युवा संसद प्रतियोगिता के दौरान बोलते युवा व बैठे प्रतिभागी।
सवाई माधोपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र की ओर से जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में विकसित भारत युवा संसद एवं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक प्रतियोगिताओं का जिला स्तरीय आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027 के तहत हुआ। इसमें युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, राष्ट्र निर्माण और नशामुक्त समाज के विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपनी ऊर्जा, नवाचार, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी सुरेश जैन ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस वर्ष विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का विषय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रखा गया था। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं के भविष्य पर इसके प्रभाव और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर वक्तव्य प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने विषय की समझ, तार्किक क्षमता, प्रस्तुतीकरण शैली और अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में पम्मी शर्मा ने प्रथम, खुशी शर्मा ने द्वितीय और समीक्षा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके साथ ही विकसित भारत चैलेंज ट्रैक प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता के जिला स्तरीय चरण का भी आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी और निबंध चरण के बाद चयनित प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय “Manufacturing Entrepreneurship and Green Growth” (विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास) पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपने विचारों, नवाचारों और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विनिर्माण क्षेत्र में उद्यमिता की संभावनाओं तथा हरित विकास के महत्व को सामने रखा।
कार्यक्रम में समाजसेवी भरतलाल मथुरिया, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज सोनी, माय भारत के जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल, जिला समन्वयक राकेश मीणा, जुगल किशोर स्वामी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रवक्ता अरविंद शर्मा, जेपी जेलिया और प्रिया मित्तल उपस्थित रहे। कन्या महाविद्यालय से रविंद्र मीणा एवं कमलबाई मीणा सहित निर्णायक मंडल के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर माय भारत केंद्र की ओर से अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्रतिनिधियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।