बरनाला क्षेत्र में नहर की बाधा हटाने के लिए जेसीबी के साथ किसान नेता कांजी मीणा व अन्य मौजूद रहे।

बिछौछ। मोरेल बांध की पूर्वी नहर में लंबे समय से पानी के प्रवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए शनिवार को सफाई अभियान चलाया गया। नहर में जमा कचरे और अवरोधों को हटाए जाने के बाद पानी का प्रवाह तेज हो गया और आगे के क्षेत्रों की ओर पानी बढ़ने लगा। इससे नहर पर निर्भर किसानों को राहत मिली है।

बरनाला तहसील क्षेत्र में संचालित इस सफाई अभियान का नेतृत्व किसान सभा संघ के जिलाध्यक्ष कांजी मीणा ने किया। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मीणा जेसीबी मशीन लेकर नहर पर पहुंचे और सांचोली, टिगरिया, सुखानपुरा, सुंदरी एवं बरनाला क्षेत्र में सफाई कार्य करवाया।

अभियान के दौरान नहर में कई स्थानों पर जमा कचरे और पानी के प्रवाह में बाधा बन रहे अवरोधों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया। सफाई पूरी होने के बाद नहर में पानी का बहाव तेज हुआ और पानी मीणा ठीकरी की ओर आगे बढ़ता दिखाई दिया।

रविवार दोपहर तक बाटोदा क्षेत्र में भी पानी पहुंचने की संभावना जताई गई। नहर की सफाई के बाद पानी का प्रवाह सुचारू होने से किसानों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से पानी की आवाजाही को लेकर परेशान किसानों के लिए यह सफाई अभियान राहत लेकर आया है।

Tags: