सवाई माधोपुर के आदर्श विद्या मन्दिर में परीक्षा सफलता के लिए हवन
| अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं और सतत् मूल्यांकन के मद्देनजर मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दी गईं तथा नियमित अभ्यास पर जोर दिया गया।
सवाई माधोपुर के बालिका आदर्श विद्या मन्दिर में परीक्षा सफलता के लिए हवन करते विद्यार्थी और शिक्षक।
सवाई माधोपुर। आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और श्रेष्ठ वरीयता प्राप्त करने के संकल्प के साथ टोंक रोड, मानटाउन स्थित बालिका उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मन्दिर में हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विद्या की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से हवन किया और परीक्षा में सफलता की कामना करते हुए हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं।
प्रधानाचार्य महेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्री प्राईमरी कक्षाओं के लिए निर्धारित सतत् एवं व्यापक मूल्यांकन कार्यक्रम तथा अन्य कक्षाओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन किया गया। पण्डित बुद्धिप्रकाश के निर्देशन में भैया-बहिनों ने महामृत्युंजय मंत्र एवं गायत्री मंत्र का पवित्र उच्चारण करते हुए समिधा की आहुतियां दीं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष नीरु गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताया। उन्होंने कहा, "करत-करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान।" जब निरंतर अभ्यास से जड़ भी चेतन हो सकता है, तो मनुष्य के लिए श्रेष्ठ सफलता प्राप्त करना असंभव नहीं है। नियमित अध्ययन, अनुशासन और अभ्यास के बल पर विद्यार्थी निश्चित रूप से उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को एकाग्रचित्त होकर स्वाध्याय करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की आचार्या सुमन श्रीमाल, मंजू बंसल, मिनाक्षी मिश्रा, चन्दा मथुरिया, साक्षी तिवारी, वन्दना जैन, आरती तिवारी, सुनीता जॉंगिड़, आकांक्षा शर्मा, दीपिका सैनी, एकता यादव एवं कृष्णा चौधरी तथा आचार्य कृष्णकांत बैरागी, गोरधन बैरागी, नरेन्द्र गुप्ता, कैलाश लक्ष्यकार, गौरव गोयल, राधेश्याम गुप्ता, यतेन्द्र माहेश्वरी, शैलेन्द्र सिंह, गिर्राज मेहता, भैरुलाल सैनी, महेश कुमार सैन, हंसराज कुम्हार एवं बंटी वैष्णव सहित समस्त आचार्य-आचार्या परिवार और भैया-बहिन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ अनुशासन, एकाग्रता और नियमित अभ्यास के प्रति प्रेरित किया गया।