गंगापुर सिटी: नेहरू पार्क सब्जी मंडी से हटा अतिक्रमण, चला सफाई अभियान
एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर के निर्देश पर नगर परिषद ने कार्रवाई कर ठेलों के लिए नई जगह तय की, जिससे राहगीरों को जाम और कीचड़ से राहत मिली।
गंगापुर सिटी की सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने का कार्य करती जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली।
गंगापुर सिटी। नेहरू पार्क के सामने स्थित सब्जी मंडी में शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक सुदर्शन सिंह तोमर के निर्देश पर नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान वेयरहाउस के आसपास और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इसके साथ ही मंडी क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर कचरा और गंदगी हटाई गई।
एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि उन्होंने लगातार दो दिन सब्जी मंडी क्षेत्र का दौरा किया था। मंडी में गंदगी, मल-मूत्र, आवारा पशुओं और मच्छरों के कारण राहगीरों तथा आमजन को परेशानी हो रही थी। इस पर उन्होंने सफाई निरीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
शनिवार को सफाई निरीक्षक पिंटूराम मीणा की देखरेख में नगर परिषद की टीम जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और सफाईकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने वेयरहाउस के आसपास और मंडी क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण हटाने के साथ दिनभर सफाई अभियान चलाया।
नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान ने बताया कि सब्जी विक्रेताओं के बेतरतीब तरीके से बैठने के कारण मंडी में अतिक्रमण और गंदगी की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दौरान कीचड़ फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती थी। पुलिस जवानों की मौजूदगी में वेयरहाउस एवं मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया और सफाई कराई गई।
कार्रवाई के बाद मुख्य रास्ते से सब्जी विक्रेताओं को हटाकर वेयरहाउस के बीच स्थित खाली जगह को समतल कराया गया और वहां मिट्टी डलवाई गई। ठेले खड़े करने के लिए इसी स्थान पर जगह निर्धारित कर व्यवस्था की गई, ताकि मुख्य रास्ता खुला रहे, यातायात बाधित न हो और गंदगी की समस्या भी कम हो।
एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर ने कहा कि सफाई एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से आमजन को राहत मिली है। मंडी क्षेत्र में रास्ता खुला रखने और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था से आवागमन तथा सफाई व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया गया है।