गंगापुर सिटी: अपना घर सेवा समिति ने दो असहाय लोगों को रेस्क्यू कर हिंडौन आश्रम भेजा
गणेश मंदिर और रेलवे स्टेशन के पास मिले प्रभुजियों का पुलिस सत्यापन कराने के बाद एम्बुलेंस से इलाज और देखभाल के लिए भेजा गया।
तस्वीर में अपना घर सेवा समिति के सदस्य दो असहाय लोगों का रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी। अपना घर सेवा समिति गंगापुर सिटी ने बुधवार को असहाय एवं लावारिस अवस्था में मिले दो लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें उपचार और देखभाल के लिए हिंडौन आश्रम भेजा। समिति पदाधिकारियों को फोन के माध्यम से कल्याण जी गेट स्थित गणेश मंदिर के पास एक लावारिस व्यक्ति के असहाय अवस्था में पड़े होने तथा रेलवे स्टेशन के पास एक लावारिस एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही समिति की टीम मौके पर पहुंची। गणेश मंदिर के पास मिले पुरुष प्रभुजी ने अपना नाम कैलाश चंद बताया। वह दयनीय अवस्था में थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। वहीं रेलवे स्टेशन के पास मिली महिला प्रभुजी ने अपना नाम पिंकी बताया। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।
समिति पदाधिकारियों ने दोनों का रेस्क्यू किया और हिंडौन आश्रम से एंबुलेंस मंगवाई। इसके बाद दोनों प्रभुजियों को कोतवाली थाना गंगापुर सिटी ले जाया गया, जहां आवश्यक सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के बाद दोनों को उपचार एवं देखभाल के लिए हिंडौन आश्रम भेज दिया गया।
सेवा कार्य के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं समिति संरक्षक रमेश चंद गुप्ता पट्टीवाले, संरक्षक मोतीलाल रावत, समिति सचिव अभिषेक रावत, महिला इकाई संरक्षक मंजूलता मौर्य, महिला सेवा साथी फूलवती तथा वाहन चालक एवं सेवा साथी विक्रम मौजूद रहे। दोनों असहाय लोगों के रेस्क्यू और सत्यापन के बाद आश्रम भेजे जाने से समिति की सेवा गतिविधि का एक और कार्य सामने आया।