सवाई माधोपुर जिले में टेलीग्राम के जरिए शेयर मार्केट में निवेश और रुपये डबल करने का झांसा देकर करीब 2 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्टा मैत्रेयी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री राकेश राजोरा और साइबर क्राइम थाना जिला सवाई माधोपुर के उप पुलिस अधीक्षक आरपीएस श्री जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में साइबर थाना टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को साइबर पुलिस थाना सवाई माधोपुर के सहायक उप निरीक्षक श्री फैयाज खांन ने ऑपरेशन म्युल हंटर के तहत खाताधारक दिलराज मीना निवासी ईटावा के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया था। जांच में सामने आया था कि टेलीग्राम पर रुपये डबल करने का झांसा देकर करीब 2 लाख रुपये की ठगी की गई तथा ठगी की रकम आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर चेक के माध्यम से बैंक से निकाली गई।

प्रकरण दर्ज होने के समय आरोपी दिलराज मीना घर से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर 31 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ठगी में उपयोग किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलराज मीना पुत्र दशरथ मीना, उम्र 19 साल, निवासी ईटावा, थाना चौथ का बरवाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कार्रवाई करने वाली साइबर थाना टीम में साइबर पुलिस थाना सवाई माधोपुर के सहायक उप निरीक्षक श्री फैयाज खांन और कांस्टेबल 1409 श्री महेश शामिल रहे।

पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव को लेकर आमजन से अपील की है कि कमीशन के लिए किसी को अपना बैंक खाता नहीं दें और न ही कमीशन के लालच में अपने खाते में किसी अन्य व्यक्ति से रुपये डलवाएं। किसी भी साइबर क्राइम से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील की गई है।

Tags: